रांची : रांची में लंबे समय तक विभिन्न थानों में थाना प्रभारी रह चुके एक इंस्पेक्टर की कथित निजी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। वायरल तस्वीरों में इंस्पेक्टर एक महिला पुलिसकर्मी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि दोनों ने पुलिस वर्दी में ही तस्वीरें खिंचवाईं, जिसके बाद वर्दी की मर्यादा और विभागीय अनुशासन को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों में इंस्पेक्टर और महिला पुलिसकर्मी अलग-अलग पोज में दिखाई दे रहे हैं। खबरों के मुताबिक, संबंधित इंस्पेक्टर फिलहाल रांची से सटे एक जिले में पदस्थापित हैं और वहां भी थानेदारी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
मामले को लेकर पुलिस विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन तस्वीरों के वायरल होने के बाद विभागीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि पुलिस वर्दी अनुशासन, जिम्मेदारी और कानून व्यवस्था का प्रतीक होती है, ऐसे में इस तरह की तस्वीरें सामने आना विभाग की छवि को नुकसान पहुंचा सकता है।
वहीं सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोग इसे निजी जीवन का मामला बता रहे हैं, जबकि कई लोग वर्दी में इस तरह की हरकत को अनुचित करार दे रहे हैं।













