हजारीबाग: जिले के गोरहर थाना क्षेत्र में रविवार का दिन खूनी साबित हुआ। कुछ ही घंटों के अंतराल में हुई दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। लगातार हुई इन घटनाओं के बाद इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पहली घटना रविवार सुबह की है, जब सब्जियों से लदा एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा इतना भीषण था कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही गोरहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वाहन में फंसे चालक के शव को बाहर निकालने के लिए पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया।
पहले हादसे के कुछ घंटे बाद सुबह करीब 10 बजे गोरहर गांव के पास दूसरी बड़ी दुर्घटना हुई। यहां चार वाहन एक के बाद एक आपस में टकरा गए। इस श्रृंखलाबद्ध हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गोरहर थाना प्रभारी रवि रंजन ने बताया कि दोनों मामलों की जांच की जा रही है। वहीं स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि खराब सड़क, तेज रफ्तार और सुरक्षा उपायों की कमी के कारण यह इलाका अब दुर्घटनाओं का “ब्लैक स्पॉट” बन चुका है।













