रांची :महागामा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मेहरमा प्रखंड कांग्रेस कमेटी द्वारा सीमानपुर पंचायत के खिरौंधी में BLA-2 (बूथ लेवल एजेंट) प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रखंड के विभिन्न बूथों से बड़ी संख्या में बूथ लेवल एजेंट, पंचायत अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी बूथ स्तर तक पहुंचाना, मतदाता सूची में संभावित अनियमितताओं के प्रति संगठन को सजग और सशक्त बनाना था। प्रशिक्षण के दौरान मतदाता सूची में नाम जोड़ने, त्रुटियों के संशोधन और पात्र मतदाताओं के नाम कटने से रोकने की प्रक्रिया विस्तार से समझाई गई।
झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री सह महागामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र में हर वोट की अपनी अहमियत होती है और प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदान अधिकार सुरक्षित रखना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि SIR प्रक्रिया के दौरान संगठन की सजगता ही यह सुनिश्चित करेगी कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से न हटे।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करें और यदि किसी भी नागरिक को नाम जोड़ने या संशोधन में कठिनाई हो, तो कांग्रेस संगठन पूरी तत्परता से सहायता प्रदान करे।
मंत्री ने कहा कि कुछ राज्यों में मतदाताओं के नाम सूची से हटाने की शिकायतें सामने आई हैं, मतदाताओं के नाम सूची से हटाने की घटनाएं लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए गंभीर चुनौती हैं इसलिए झारखंड में विशेष सतर्कता आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस जनता की सेवा और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है राज्य में विभाजनकारी राजनीति को सफल नहीं होने दिया जाएगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देना, मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने और पात्र मतदाताओं के नाम कटने से रोकने के लिए कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करना था। इस अवसर पर गोड्डा जिला कांग्रेस अध्यक्ष यह्या सिद्दीकी, मेहरमा प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष मनिंदर सिंह, SIR प्रशिक्षक मुद्दसर खान सहित कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे बूथ स्तर पर पूरी सक्रियता के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक पात्र मतदाता के अधिकार की रक्षा सुनिश्चित करेंगे। कांग्रेस पार्टी संविधान, लोकतंत्र और जनाधिकारों की रक्षा के लिए अपना संघर्ष निरंतर जारी रखेगी।













