रांची जिला खनन पदाधिकारी (डीएमओ) अबू हुसैन पर रातू थाना क्षेत्र के चटकपुर में जब्त 90 हजार घन फीट बालू को रातों-रात हटवाने का गंभीर आरोप लगा है। ग्रामीणों के अनुसार, 13 मई की रात डीएमओ खुद मौके पर मौजूद रहकर लगभग 40 हाईवा में बालू लोड करवा रहे थे.जानकारी के मुताबिक, 12 मई को माइनिंग इंस्पेक्टर रौशन कुमार के नेतृत्व में खनन विभाग की टीम ने चटकपुर में अवैध रूप से जमा करीब 90 हजार घन फीट बालू जब्त किया था। इसकी बाजार कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई जा रही है। जब्त बालू को बाद में रातू थाना को सुपुर्द कर दिया गया था.ग्रामीणों का आरोप है कि जब्ती के महज दो दिन बाद ही बिना किसी कानूनी प्रक्रिया के देर रात जेसीबी और हाईवा के जरिए बालू को दूसरी जगह शिफ्ट किया जाने लगा। विरोध करने पर ग्रामीणों और अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। ग्रामीणों का कहना है कि डीएमओ ने विरोध कर रहे लोगों को फटकार लगाते हुए पूछा कि गाड़ियों को रोकने का अधिकार उन्हें किसने दिया।मामले की सूचना मिलने पर रातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बालू लोड कर रहे तीन हाईवा तथा तीन ट्रैक्टर को जब्त कर लिया, जबकि अन्य वाहन मौके से फरार हो गए।ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि जब बालू थाना को सुपुर्द किया गया था, तो बिना मापी, सीजर रिपोर्ट और नीलामी प्रक्रिया पूरी किए उसे हटाने की कार्रवाई क्यों की गई। ग्रामीणों ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने और दोषियों पर विधि सम्मत कार्रवाई की मांग उपायुक्त से की है।इधर, मामले में पक्ष जानने के लिए रांची डीएमओ अबू हुसैन से लगातार संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।













