रांची : राजधानी रांची के सदर थाना क्षेत्र स्थित खोरहाटोली रोड नंबर-1 से नौ मई की शाम से लापता 18 महीने की मासूम अदिति पांडे का मंगलवार देर शाम तक कोई सुराग नहीं मिल सका। बच्ची की तलाश में पुलिस, एनडीआरएफ और एफएसएल की टीम लगातार जुटी हुई है। इसी बीच गाड़ीगांव और लोवाडीह सीमा के पास नाले किनारे बांसनुमा झाड़ियों से कंकाल और मांस का टुकड़ा मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को मौके पर बुलाया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद टीम ने बरामद अवशेषों को जब्त कर जांच के लिए भेज दिया। अब डीएनए टेस्ट के जरिए यह पता लगाया जाएगा कि बरामद कंकाल और मांस का टुकड़ा आखिर किसका है।
डीएनए जांच से होगा खुलासा
एफएसएल टीम के अनुसार शुरुआती जांच में यह पता लगाया जाएगा कि हड्डियां महिला की हैं या पुरुष की, साथ ही मृतक की उम्र क्या थी। इसके बाद डीएनए टेस्ट कराया जाएगा, जिससे स्पष्ट हो सकेगा कि अवशेष किसी बच्चे के हैं या नहीं।
जांच टीम का कहना है कि घटनास्थल की स्थिति देखकर ऐसा लग रहा है कि शव को कुत्तों ने नोचा हो, हालांकि मौके से कोई कपड़ा बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने पहचान के लिए अदिति के पिता मनीष पांडेय और परिजनों को भी मौके पर बुलाया, लेकिन किसी ने भी बरामद अवशेषों को अदिति का मानने से इंकार कर दिया।
बारिश के बीच भी जारी रही तलाश
खोरहाटोली से स्वर्णरेखा नदी की ओर जाने वाले नाले में मंगलवार को भी एनडीआरएफ और पुलिस की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चलाती रही। भारी बारिश के बावजूद टीम नाले की गहराई तक उतरकर बच्ची की तलाश में जुटी रही।
मौके पर रांची के सिटी एसपी पारस राणा, सदर डीएसपी, सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार, खेलगांव थाना प्रभारी अभिषेक राय समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस को नाले में गिरने की आशंका, परिवार को अपहरण का शक
अदिति के घर के पीछे ही खुला नाला है। पुलिस आशंका जता रही है कि खेलते समय बच्ची नाले में गिर गई होगी। हालांकि परिवार इस थ्योरी से सहमत नहीं है।
परिजनों का कहना है कि अदिति कभी उस तरफ नहीं जाती थी। पुलिस ने डॉग स्क्वायड की मदद भी ली। बच्ची के कपड़े और जूते सुंघाने पर डॉग हर बार कमरे से मुख्य दरवाजे तक ही गया, लेकिन नाले की ओर नहीं बढ़ा। इसी वजह से परिवार को शक है कि बच्ची का अपहरण किया गया है।
मां ने बताया “दो घंटे में क्या हुआ, किसी को नहीं पता
मां अंकिता के अनुसार, नौ मई को वह अपनी दोनों बेटियों के साथ हजारीबाग जाने के लिए निकली थीं, लेकिन बीआईटी में ट्रेन छूट जाने के बाद दोपहर करीब साढ़े तीन बजे वापस घर लौट आईं।
घर पहुंचने के बाद दोनों बेटियां परिवार के अन्य बच्चों के साथ कमरे में खेल रही थीं। इसी दौरान पिता मनीष पांडेय बड़ी बेटी को आइसक्रीम दिलाने बाहर ले गये। जब वे लौटे, तब छोटी बेटी अदिति घर के दरवाजे पर खड़ी दिखाई दी। इसके बाद अचानक वह गायब हो गई।
परिवार के अनुसार शाम चार बजे से छह बजे के बीच आखिर अदिति कहां गई, यह अब तक रहस्य बना हुआ है।
सूचना देने वाले को मिलेगा 50 हजार रुपये इनाम
पुलिस ने अदिति के संबंध में सूचना देने वाले को 50 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।
*संपर्क नंबर:*
9431706136 — रांची एसएसपी
9431706137 — सिटी एसपी, रांची
9431102090 — सदर डीएसपी
9431706160 — सदर थाना प्रभारी













