रांची के नामकुम प्रखंड में व्याप्त भ्रष्टाचार, दलाली एवं आम जनता के शोषण के खिलाफ आज भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रिंस कुमार ने प्रखंड विकास पदाधिकारी विजयी कुमार को RTI आवेदन सौंपते हुए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जवाब मांगा।उन्होंने कहा कि नामकुम प्रखंड भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुका है। आम जनता अपने ही अधिकार एवं सरकारी योजनाओं का लाभ पाने के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है। बिना पैसे दिए किसी भी कार्य का निष्पादन नहीं हो रहा है, जिससे गरीब, मजदूर एवं जरूरतमंद लोग सबसे अधिक परेशान हैं।वृद्धा पेंशन, मंईयां सम्मान योजना, राशन कार्ड, आवास योजना एवं अन्य सरकारी सुविधाओं के लिए लोग महीनों तक कार्यालयों के चक्कर काटते रहते हैं, लेकिन उन्हें सिर्फ आश्वासन मिलता है। वहीं दलालों एवं बिचौलियों के माध्यम से काम तेजी से किया जा रहा है, जिससे प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रिंस कुमार ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रखंड कार्यालय के कुछ कर्मचारी, सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता, नाजिर एवं ऑपरेटर की मिलीभगत से करोड़ों रुपये की अवैध निकासी की गई है। कई योजनाओं में भारी अनियमितता एवं वित्तीय गड़बड़ी की शिकायत लगातार सामने आ रही है। RTI के माध्यम से इन सभी मामलों की विस्तृत जानकारी मांगी गई है ताकि भ्रष्टाचार में शामिल लोगों का सच जनता के सामने आ सके।उन्होंने कहा कि झारखंड में भ्रष्टाचार अब व्यवस्था का हिस्सा बन चुका है। राज्य की वर्तमान सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को पूरी तरह पंगु बना दिया है। जनता परेशान है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी मौन बैठे हुए हैं।भाजपा युवा मोर्चा जनता की आवाज बनकर भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार संघर्ष करता रहेगा। यदि जल्द ही भ्रष्टाचार पर रोक नहीं लगी एवं दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो भाजपा युवा मोर्चा प्रखंड कार्यालय के समक्ष बड़ा जनआंदोलन करने को बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।













