पलामू : चैनपुर थाना क्षेत्र के कोशियारा गांव में बीते साल नवंबर में हुई 10 वर्षीय नाबालिग बच्ची की हत्या मामले में अब पुलिस की जांच तेज हो गई है। मामले में शक के दायरे में आए दर्जनों युवकों का एमएमसीएच में मेडिकल जांच कराया गया है। इस दौरान उन दो युवकों का भी परीक्षण किया गया, जिन पर परिजनों ने सीधे आरोप लगाए हैं।
बताया जा रहा है कि मीडिया में खबर प्रकाशित होने के बाद पुलिस हरकत में आई और संदिग्धों को मेडिकल परीक्षण तथा डीएनए जांच के लिए अस्पताल लाया गया। अब जांच को वैज्ञानिक तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है।
गौरतलब है कि 7 नवंबर को बच्ची अचानक लापता हो गई थी, जिसके बाद परिजनों ने चैनपुर थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दो दिन बाद 9 नवंबर की सुबह गांव के एक कुएं से बच्ची का शव बरामद हुआ था। इस घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया था और लोगों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की थी।
परिजनों का आरोप है कि बच्ची का अपहरण कर दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की गई। घटनास्थल से बच्ची की चप्पल और अन्य सामान भी बरामद किए गए थे, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई थी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही रांची से फॉरेंसिक टीम बुलाकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कराया था। सूत्रों के मुताबिक, फॉरेंसिक रिपोर्ट पुलिस को मिल चुकी है और अब मेडिकल जांच के साक्ष्यों के साथ उसका मिलान किया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस अधिकारियों ने मामले में आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद इस सनसनीखेज हत्याकांड का जल्द खुलासा हो सकता है।











