रांची,: राजधानी रांची में उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली शराब के साथ एक शराब माफिया को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नरेश सिंधिया के रूप में हुई है। यह कार्रवाई नामकुम थाना क्षेत्र के जोरार इलाके में की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी नरेश सिंधिया जोरार इलाके में छिपा हुआ है और नकली शराब के कारोबार में संलिप्त है। सूचना के आधार पर टीम ने छापेमारी अभियान चलाया, जिसके दौरान उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
बताया जा रहा है कि आरोपी के खिलाफ नकली शराब बनाकर उसे दूसरे राज्यों में खपाने का आरोप है। फिलहाल उत्पाद विभाग की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
उत्पाद विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी और नकली शराब के कारोबार पर सख्त नजर रखी जा रही है।













