रांची : राजधानी रांची के पंडरा इलाके में मंगलवार को दिनदहाड़े गोलीबारी की बड़ी घटना सामने आई है। शेल्टर मॉल के पास स्थित एक मंदिर में पूजा कर रहे जमीन कारोबारी भार्गव सिंह को बाइक सवार अपराधियों ने गोली मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधियों ने बीच सड़क और मंदिर परिसर के पास वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के तुरंत बाद घायल को आनन-फानन में सिटी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें पारस अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सांसद संजय सेठ मौके पर पहुंचे और घायल को शीघ्र अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाने का निर्देश दिया। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। शुरुआती तौर पर मामला आपसी रंजिश या जमीन विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। राजधानी में दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद लोगों में दहशत का माहौल है और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।












