रांची: राजधानी में पूर्व पार्षद और जमीन कारोबारी की हत्या के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए रांची पुलिस ने कुख्यात शूटर सत्यम पाठक को मुठभेड़ में घायल कर दिया। बुधवार सुबह पंडरा ओपी क्षेत्र स्थित कांके डैम के पास पुलिस और सत्यम पाठक के बीच आमना-सामना हुआ, जो जल्द ही मुठभेड़ में बदल गया।
पुलिस के अनुसार, आत्मरक्षा में की गई फायरिंग में सत्यम पाठक के दोनों पैरों में गोली लगी है। घायल हालत में उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस की टीम पहले से उसकी तलाश में जुटी थी और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई।
गौरतलब है कि मंगलवार को पंडरा के ओटीसी मैदान के पास जमीन कारोबारी भार्गव सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जांच में सामने आया कि इस वारदात को अंजाम देने वाला शूटर सत्यम पाठक था, जबकि पूरे मामले का मास्टरमाइंड विजय टेटे को बताया जा रहा है।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।













