धनबाद : झारखंड के धनबाद जिले में अवैध कोयला खनन का मामला एक बार फिर सामने आया है। बाघमारा थाना क्षेत्र के जमुनिया नदी और उसके आसपास इन दिनों कई जगहों पर धड़ल्ले से अवैध कोयला खनन किए जाने की शिकायत मिल रही थी। लगातार हो रही खुदाई से जमुनिया नदी के अस्तित्व पर भी खतरा मंडराने लगा है। जमुनिया नदी और जंगल को बचाने की मांग को लेकर स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता जगत महतो ने धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी थी। इसके बाद प्रशासन और बीसीसीएल प्रबंधन सक्रिय हुआ।
गुप्त सूचना के आधार पर माटीगढ़ा डैम कॉलोनी स्थित एलपीजी गैस गोदाम के पास सड़क मार्ग पर बीसीसीएल प्रबंधन, बाघमारा पुलिस और सीआईएसएफ की संयुक्त टीम ने छापा मारकर अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान अवैध कोयला लदा, एक ट्रक और एक मिनी हाइवा जब्त किया गया।
टीम को देखते ही भागने लगे चालक
छापेमारी टीम को देखते ही दोनों वाहनों के चालक भागने लगे। इस दौरान मिनी हाइवा चालक को सीआईएसएफ जवानों ने पकड़ लिया और उसे बाघमारा पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं ट्रक चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा। भागने की कोशिश में ट्रक सड़क किनारे गड्ढे में फंस गया। बाद में क्रेन मशीन की मदद से उसे बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की गई। वाहन को थाना ले जाने की तैयारी की जा रही थी।
प्राथमिकी दर्ज करने की तैयारी
समाचार लिखे जाने तक बीसीसीएल ब्लॉक-टू क्षेत्रीय प्रबंधन और सीआईएसएफ की ओर से बाघमारा थाना में लिखित शिकायत देने की प्रक्रिया चल रही थी। बाघमारा थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि जमुनिया नदी और आसपास के इलाकों में लंबे समय से अवैध खनन चल रहा है। लगातार हो रही खुदाई से नदी की धारा और पर्यावरण पर असर पड़ रहा है। लोगों ने प्रशासन से अवैध खनन पर स्थायी रोक लगाने की मांग की है।













