रांची :झारखंड कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने आज मांडर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर दो महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का शिलान्यास किया।
इस दौरान उन्होंने मांडर प्रखंड के ग्राम कोरांबी में आंगनबाड़ी केंद्र के नए भवन का शिलान्यास किया, वहीं ग्राम सकरा (हेल टोली) में अखड़ा निर्माण कार्य की भी आधारशिला रखी।
मंत्री तिर्की ने कहा कि उनका प्रयास हर दिन नए संकल्प और सकारात्मक पहल के साथ क्षेत्र के विकास को गति देना है। उन्होंने कहा, “मैं निरंतर गांवों का भ्रमण कर जनता की समस्याओं से सीधे रूबरू होती हूं और उनके समाधान के लिए प्रतिबद्ध हूं। लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना मेरी प्राथमिकता है, लेकिन विकास एक सतत प्रक्रिया है, जिसे निरंतर आगे बढ़ाना आवश्यक है।”
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों योजनाएं निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण होंगी और क्षेत्र के लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
मंत्री ने कहा कि क्षेत्र की जनता ने जिस विश्वास और समर्थन के साथ उन्हें बार-बार अपना प्रतिनिधि चुना है, वह उनके लिए प्रेरणा का स्रोत है। उसी समर्पण और जिम्मेदारी के साथ वे क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करती रहेंगी।
इस अवसर पर कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मांगा उरांव, बंधु टोप्पो, पौलूस तिर्की, राजू मिंज, कलीम अंसारी, कलिंदर तिर्की, हेमवंती उरांव, रामविलास आदि उपस्थित थे।












