रांची :झारखंड राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने आज ऑड्रे हाउस, राँची में आयोजित ‘सांसद सांस्कृतिक महोत्सव-सह-स्वदेशी मेला’ के उद्घाटन अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि स्वदेशी केवल उत्पाद नहीं, बल्कि आत्मगौरव और आत्मनिर्भरता का आधार है। उन्होंने इस आयोजन के लिए केन्द्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ समेत सभी आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि यह महोत्सव हमारी सांस्कृतिक अस्मिता, स्वदेशी चेतना और आत्मनिर्भरता के संकल्प का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जो राष्ट्र अपनी जड़ों से जुड़ा रहता है, वही समय की हर कसौटी पर खरा उतरता है।
राज्यपाल ने इस अवसर पर ऑड्रे हाउस के ऐतिहासिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि यह स्थल हमारे स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ी महत्वपूर्ण स्मृतियों का भी साक्षी रहा है। इतिहासकारों के अनुसार, यहाँ राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी का वर्ष 1917 में आगमन हुआ था। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक भवन में स्वदेशी और सांस्कृतिक चेतना से जुड़ा यह आयोजन अत्यंत प्रेरणादायक है।
राज्यपाल ने कहा कि झारखण्ड की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, लोक परंपराएँ एवं हस्तशिल्प हमारी अमूल्य धरोहर हैं। यहाँ के लोकनृत्य, लोकगीत एवं शिल्पकला केवल कला नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक पहचान और जीवन-दर्शन के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि हमारे कारीगरों और शिल्पकारों के कौशल में सृजन, संवेदना और परंपरा की गहराई निहित हैं, जिसे प्रोत्साहित किया जाना आवश्यक है। उन्होंने ‘वोकल फॉर लोकल’ एवं ‘आत्मनिर्भर भारत’ की अवधारणा का उल्लेख करते हुए कहा कि स्थानीय उत्पादों और कारीगरों को बढ़ावा देना आवश्यक है। इससे न केवल आर्थिक सशक्तिकरण होगा, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत भी सुदृढ़ होगी।
राज्यपाल ने आज ‘अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस’ की भी सभी श्रमिकों, कारीगरों एवं मेहनतकश लोगों को बधाई देते हुए कहा कि उनके परिश्रम से ही राष्ट्र निर्माण की नींव मजबूत होती है।
राज्यपाल ने सभी कलाकारों, शिल्पकारों एवं प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी कला इस आयोजन को जीवंत बनाती है और समाज को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ती है। उन्होंने सभी से स्वदेशी को अपनाने, अपनी संस्कृति को संरक्षित करने तथा कारीगरों को सशक्त बनाने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह महोत्सव सांस्कृतिक चेतना को नई दिशा देगा और स्वदेशी भावना को और सुदृढ़ करेगा।
उक्त अवसर पर राज्यपाल ने परिसर में लगे विभिन्न स्टॉलों का भी अवलोकन किया।












