राँची :भारत तिब्बत संघ, झारखंड के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज राज्यपाल संतोष गंगवार से राजभवन में शिष्टाचार भेंट कर राज्य में कैलाश मानसरोवर भवन निर्माण, प्रमुख शिव मंदिरों के जीर्णोद्धार तथा द्वादश ज्योतिर्लिंग दर्शन हेतु सीधी रेल सुविधा उपलब्ध कराने से संबंधित विस्तृत ज्ञापन समर्पित किया।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संगठन के प्रांतीय प्रधान संरक्षक एवं वरीय अधिवक्ता अनिल कश्यप कर रहे थे। इस अवसर पर प्रांत अध्यक्ष डॉ. अमिताभ पाण्डेय, वरीय उपाध्यक्ष लाल विभय नाथ शाहदेव, महामंत्री रवि प्रकाश, मंत्री प्रभात शर्मा, क्षेत्रीय संयोजक प्रवीण शर्मा एवं अश्विनी कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम को अवगत कराया कि झारखंड में आदिवासी एवं सनातन समाज के बीच भगवान महादेव के प्रति गहरी आस्था है और राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित प्राचीन शिव मंदिर इस सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं। अतः इन मंदिरों के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ठोस पहल की आवश्यकता है।
महामहिम राज्यपाल ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए इस विषय में आवश्यक कार्यवाही हेतु संबंधित विभागों को निर्देशित करने का आश्वासन दिया।
भारत तिब्बत संघ ने इस सकारात्मक पहल के लिए महामहिम का आभार व्यक्त किया और आशा जताई कि राज्य के श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था एवं सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए शीघ्र ठोस कदम उठाए जाएंगे।











