रांची :झारखंड में झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) द्वारा आयोजित हालिया परीक्षाओं में गड़बड़ी को लेकर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कड़ा रुख अपनाया है। राजभवन सचिवालय ने आयोग के अध्यक्ष को पत्र लिखकर पूरे मामले की जांच करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
राजभवन को मिली शिकायतों के अनुसार सहायक वन संरक्षक (ACF) मुख्य परीक्षा और सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा के प्रश्नपत्रों में कई त्रुटियां पाई गई हैं। इसके अलावा प्रारंभिक उत्तर-कुंजी में भी गलत उत्तरों की शिकायत सामने आई है। इन गड़बड़ियों के कारण अभ्यर्थियों में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई है और परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल उठने लगे हैं।
राज्यपाल ने कहा है कि इस तरह की लापरवाही आयोग की साख को प्रभावित करती है, जो गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, जिम्मेदार व्यक्तियों की पहचान करने और उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
राजभवन सचिवालय ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए परीक्षा प्रणाली में सुधार और अधिक सतर्कता बरतने पर जोर दिया है। राज्यपाल ने उम्मीद जताई है कि आयोग पारदर्शिता और उच्च मानकों को बनाए रखते हुए परीक्षाओं का संचालन करेगा, जिससे अभ्यर्थियों का भरोसा कायम रह सके।












