बेरमो : बेरमो अनुमंडल के बोकारो थर्मल थाना अंतर्गत गोमिया फुसरो मुख्य मार्ग पर जारंगडीह स्थित ढोरी माता चर्च के समीप गुरुवार की सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। गोमिया से बारात लौट रही एक स्विफ्ट डिजायर कार ने बोकारो थर्मल थाना के गश्ती वाहन बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी।
चार लोग घायल, तीन की हालत गंभीर
इस टक्कर में कार सवार चार लोग घायल हो गए, जिनमें से तीन की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार सवार सभी लोग धनबाद के महूदा निवासी हैं। घायलों की पहचान सुरेश कुमार, भरत रजक और धर्मनाथ पासवान के रूप में हुई है, जिनके सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। वहीं, कार चालक बंटी कुमार रजक को मामूली चोटें लगी हैं। राहत की बात यह रही कि गश्ती दल में मौजूद पुलिस पदाधिकारी संजय कुमार कच्छप, चालक और अन्य जवान सुरक्षित हैं।
टक्कर के बाद दोनों वाहन क्षतिग्रस्त
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा टकराए। घटना सुबह लगभग चार बजे की बताई जा रही है।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
घटना के तुरंत बाद गश्ती दल की पुलिस टीम ने मानवता का परिचय देते हुए सभी घायलों को तत्काल सीसीएल कथारा क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टर अमर कुमार की देखरेख में प्राथमिक उपचार किया गया। इसके बाद घायलों के परिजनों को सूचित किया गया और बेहतर इलाज के लिए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया है।
तेज रफ्तार और झपकी बनी हादसे की वजह
गश्ती दल के चालक के अनुसार कार की रफ्तार काफी तेज थी। आशंका जताई जा रही है कि चालक को नींद की झपकी आने के कारण यह बड़ा हादसा हुआ। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्विफ्ट कार को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की आगे की छानबीन कर रही है।












