धनबाद जिले के चिरकुंडा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 9, सोनारडंगाल में मंगलवार सुबह करीब 8 बजे बड़ा हादसा हो गया। 11 हजार वोल्ट का जर्जर बिजली तार अचानक टूटकर सड़क पर गिर गया।
स्थानीय निवासी सुनील यादव उस समय अपने मवेशियों को चराने ले जा रहे थे। तार की चपेट में आने से तीन भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई। इसी दौरान चासनाला जा रहे एक बाइक सवार युवक ने समय रहते बाइक छोड़कर अपनी जान बचाई। कई अन्य लोग भी हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बचे।
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही का आरोप लगाया। लोगों का कहना है कि जर्जर तार और टूटे इंसुलेटर की शिकायत कई बार विभाग से की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने चिरकुंडा–पंचेत मुख्य सड़क को जाम कर दिया। सूचना मिलने पर चिरकुंडा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। सुरक्षा के लिए रास्ते को बांस-बल्ली से घेर दिया गया।
पुलिस ने JBVNL को सूचना देकर पीड़ित मवेशी मालिक सुनील यादव को उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है। फिलहाल इलाके में यातायात बाधित है













