राँची : झारखण्ड में मौसम की स्थिति फिलहाल चुनौतीपूर्ण बनी हुई है, राज्य में तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है।
कभी न्यूनतम तापमान में गिरावट तो कभी बढ़ोतरी और अब अधिकतम तापमान 36 से 37 डिग्री तक पहुंच चुका है। साथ ही कई जिलों में बारिश की चेतावनी ने मौसम को और भी अस्थिर बना दिया है।
पिछले 24 घंटे में झारखण्ड के कई जिलों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री की वृद्धि हुई है। खूँटी में जहां पहले न्यूनतम तापमान 10-11 डिग्री था, वहां अब 14.5 डिग्री दर्ज किया गया। जमशेदपुर में न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री, डाल्टनगंज और पाकुड़ में 17.2 डिग्री और अन्य जिलों में 17-18 डिग्री के बीच दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, आज ये तापमान 20 डिग्री तक पहुंच सकता है, जिससे रात में भी लोगों को उमस और गर्मी का अनुभव होगा।
जमशेदपुर में आज न्यूनतम तापमान 20 डिग्री तक पहुंच सकता है और यहां गरमी के साथ बारिश की भी संभावना जताई गई है। इससे उमस और बढ़ सकती है। वहीं, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा में भी हल्की बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
अधिकतम तापमान लगभग हर जिले में 36-37 डिग्री तक पहुंच सकता है, जिससे गर्मी की तीव्रता महसूस होगी। प्रदेश के मौसम में अब स्थिरता नहीं दिख रही है।
न्यूनतम और अधिकतम तापमान में उतार-चढ़ाव ने लोगों की दिनचर्या प्रभावित कर दी है। मौसम विभाग ने कहा है कि उमस भरा और अस्थिर मौसम अगले 24 घंटों में जारी रह सकता है।











