गिरिडीह/डुमरी*: झारखंड के गिरिडीह जिले के डुमरी प्रखंड अंतर्गत निमियाघाट क्षेत्र में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक अपने भाई की साली से शादी कराने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक ने शादी नहीं कराने पर आत्महत्या की धमकी भी दी, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।जानकारी के अनुसार युवक गोविंदपुर का रहने वाला बताया जा रहा है और वह पहले से शादीशुदा है। बताया जाता है कि वह अपने भाई की साली से शादी करना चाहता था। इसी मांग को लेकर उसने हाई वोल्टेज ड्रामा शुरू कर दिया और सीधे मोबाइल टावर पर चढ़ गया।घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। लोगों ने युवक को काफी देर तक समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा। बाद में निमियाघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश शुरू की।करीब कई घंटों तक चले इस घटनाक्रम के कारण इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। पुलिस और स्थानीय लोगों की समझाइश के बाद युवक को नीचे उतारने का प्रयास जारी रहा। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।












