रांची : झारखंड राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने आज लोक भवन में राँची विश्वविद्यालय, राँची की प्रो० वंदना कुमारी एवं प्रो० सुधांशु कुमार (सेवानिवृत्त) द्वारा लिखित पुस्तक “Wild Leafy Vegetables and Flowers” (Nature’s Potent Dietary Supplements) का लोकार्पण किया। यह पुस्तक झारखण्ड राज्य, विशेषकर जनजातीय क्षेत्रों में प्रचलित विभिन्न साग-सब्जियों, पत्तियों एवं फूलों के वैज्ञानिक अध्ययन पर आधारित है, जिसमें 250 से अधिक प्रकार के पत्तों एवं फूलों का विस्तृत विवरण छायाचित्रों सहित प्रस्तुत किया गया है।
इस अवसर पर राज्यपाल ने इस कृति हेतु बधाई देते हुए कहा कि झारखण्ड के ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों में अनेक ऐसे पौधे, साग एवं फूल विद्यमान हैं, जिनका उपयोग पारंपरिक रूप से भोजन में किया जाता है तथा ये अत्यंत पौष्टिक एवं औषधीय गुणों से युक्त हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों, विशेषकर महिलाओं एवं बच्चों में कुपोषण एक गंभीर चुनौती है, जिसका समाधान स्थानीय स्तर पर उपलब्ध इन पौष्टिक साग-सब्जियों के माध्यम से किया जा सकता है। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि इस पुस्तक की उपयोगिता को देखते हुए इसका हिन्दी भाषा में अनुवाद किए जाने पर विचार किया जाना चाहिए, ताकि यह अधिक से अधिक लोगों तक पहुँच सके।
राज्यपाल ने यह भी उल्लेख किया कि लोक भवन, राँची परिसर में अनेक दुर्लभ एवं औषधीय पौधे विद्यमान हैं। उन्होंने कहा कि इन पौधों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से प्रत्येक वृक्ष पर उसका नाम अंकित कराने की पहल की गई है, जिससे आगंतुकों को उनके बारे में जानकारी प्राप्त हो सके।
उक्त अवसर पर राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव डॉ० नितिन कुलकर्णी, राँची विश्वविद्यालय, राँची की कुलपति प्रो० सरोज शर्मा सहित कई शिक्षाविद उपस्थित थे।













