राँची : झारखण्ड में प्री-मॉनसून की गतिविधियां अब तेज होती दिख रही है, जिससे राज्य के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है।
मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवाओं के प्रभाव से राँची समेत कई जिलों में गरज-चमक, तेज आंधी और बारिश की स्थिति बनी हुई है।
बीते दिन हुई बारिश और ओलावृष्टि के बाद आज भी कई इलाकों में मौसम अस्थिर रहने की संभावना जताई गई है। राँची में आज अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री के आसपास रह सकता है।
वहीं जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो, देवघर और कोडरमा में तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। उत्तर-पूर्वी और मध्य झारखंड के क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और हल्की से मध्यम बारिश के साथ 35 से 45 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र राँची ने राज्य के लगभग 15 जिलों में गरज-चमक और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। इनमें राँची, खूँटी, गुमला, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, धनबाद, गिरिडीह और देवघर प्रमुख रूप से शामिल हैं। इन जिलों में छिटपुट बारिश के साथ वज्रपात की संभावना बनी हुई है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2 से 3 दिनों तक राज्य में प्री-मॉनसून की गतिविधियां जारी रहेंगी। 6 और 7 मई को कुछ जिलों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके बाद 8 मई से तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि हो सकती है, जिससे फिर से गर्मी बढ़ने के संकेत है।












