रांची :झारखंड नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रही अनियमितता पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की स्थिति राज्य में लगातार बदतर होती जा रही है। JPSC द्वारा आयोजित झारखंड पात्रता परीक्षा में सामने आई गंभीर खामियों ने पूरी प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बोकारो और रांची के एक-एक परीक्षा केंद्र पर प्रश्नपत्र तक नहीं पहुंच पाए, जिसके कारण वहां परीक्षा रद्द करनी पड़ी। इसके अलावा अंग्रेज़ी विषय में एक ही पैसेज से एक ही प्रश्न को दो बार पूछना और एक प्रश्न में विकल्प का गायब होना यह दर्शाता है कि परीक्षा आयोजन को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। हर परीक्षा में नई गड़बड़ियां सामने आना अब एक चिंताजनक प्रवृत्ति बन चुकी है।
मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि हम फिर कह रहे हैं कि अयोग्य एवं नकारा जेपीएससी चेयरमैन को हटाईये। ऐसे बेईमान और नकारा लोगों ने जेपीएससी को लूट का अड्डा बनाकर रख दिया है, जिनका मुख्य काम परीक्षा संचालन के आउटसोर्सिंग से लेकर सारे ठेके-पट्टे, सप्लाई में कमीशन खाने से और नौकरी तक की बोली लगाकर पहले से बेच देने का बन के रह गया है।
मरांडी ने कहा कि जो लोग अपनी जिम्मेदारी निभाने में विफल हो रहे हैं, उन्हें जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए, उन पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में किसी भी अभ्यर्थी के सपनों के साथ इस तरह का खिलवाड़ न हो।













