पटना: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज बक्सर नगरी में अवतरित श्री वामन भगवान द्वारा स्थापित शिवलिंग रूप में विद्यमान श्री वामनेश्वर नाथ जी के अति प्राचीन मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख शांति एवं समृद्धि की कामना की। पूजा-अर्चना के पश्चात् मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर का भ्रमण कर विकास कार्यों का जायजा लिया। जायजा के क्रम में अधिकारियों ने वामनेश्वर धाम की प्रस्तावित भूमि के ले-आउट प्लान के माध्यम से मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी। यह मंदिर बक्सर केंद्रीय कारा परिसर की बाहरी चहारदीवारी के अंदर स्थित है। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय कारा बक्सर में अधिष्ठापित निर्माणशाला में बंदियों द्वारा निर्मित हस्तकला एवं सामग्रियों से संबंधित लगायी गयी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में पौधारोपण भी किया।जिलाधिकारी श्रीमती साहिला ने मुख्यमंत्री को चरखा एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर उनका अभिनंदन किया। श्री वामनावतार एवं भगवान श्रीराम की शिक्षा स्थली तथा धार्मिक नगरी बक्सर में पहली बार आगमन पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नेताओं एवं जिला प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंटकर तथा फूलों की माला पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया गया।इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने बक्सर के रामरेखा घाट स्थित बाबा श्री रामेश्वरनाथ जी मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्य की तरक्की एवं खुशहाली की कामना की। इस मंदिर में भगवान श्रीराम के द्वारा स्थापित प्रथम शिवलिंग है। श्री रामेश्वरनाथ मंदिर सेवाश्रम न्यास समिति से जुड़े लोगों ने मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर उनका स्वागत किया।मुख्यमंत्री ने रामरेखा घाट पर कराए गए विकास कार्यों का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने साइट प्लान के माध्यम से मुख्यमंत्री को रामरेखा घाट में कराये गए जीर्णोद्धार कार्य एवं अन्य विकास कार्यों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। रामरेखा घाट पर स्थापित होनेवाली प्रस्तावित भगवान श्रीराम की प्रतिमा, कंट्रोल रूम, पेयजल, पाथ-वे, चेंजिंग रूम, गंगा आरती आदि के संबंध में भी अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि बक्सर के रामरेखा घाट पर प्रभु श्रीराम की भव्य मूर्ति की स्थापना की जायेगी।
इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने लगभग 6 करोड़ रूपये की लागत से रामरेखा घाट स्थित लाइट एंड साउंड कॉम्प्लेक्स के जीर्णोद्धार कार्य तथा महर्षि विश्वामित्र मंडपम का रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया। इस दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री कोलाइट एंड साउंड कॉम्प्लेक्स में उपलब्ध करायी गयी सुविधाओं से अवगत कराया। उद्घाटन के पश्चात् मुख्यमंत्री के समक्ष लाइट एंड साउंड कॉम्प्लेक्स में लाइट एंड साउंड के माध्यम से बक्सर की ऐतिहासिक, पौराणिक एवं सांस्कृतिक विरासत की झलकियां प्रदर्शित की गयी। लाइट एंड साउंड कॉम्प्लेक्स में 5डी थियेटर, टिकट काउंटर, 80 इंडोर एवं 30 आउटडोर क्षमता वाले रेस्टोरेंट, ड्राई डेक फाउंटेन सहित अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है। मुख्यमंत्री ने लाइट एंड साउंड कॉम्प्लेक्स रामरेखा घाट बक्सर से रिमोट के जरिये महाराज स्व० कमल बहादुर सिंह जी की प्रतिमा का भी अनावरण किया।इस अवसर पर बक्सर जिला के प्रभारी मंत्री श्री नंदकिशोर राम, पर्यटन मंत्री श्री केदार प्रसाद गुप्ता, विधायक श्री संतोष कुमार निराला, विधायक श्री आनंद मिश्र, विधायक श्री राहुल कुमार सिंह, विधान पार्षद श्री सोनू कुमार राय, पूर्व केन्द्रीय मंत्री श्री अश्विनी कुमार चौबे, जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के उपाध्यक्ष श्री अशोक कुमार सिंह, जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के उपाध्यक्ष श्री विजय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव श्री लोकेश कुमार सिंह, पटना प्रमंडल के आयुक्त श्री मयंक वरवड़े, शाहाबाद प्रक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक डॉ० सत्य प्रकाश, बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक श्री नंदकिशोर, बक्सर की जिलाधिकारी श्रीमती साहिला, पुलिस अधीक्षक श्री शुभम आर्य सहित अन्य वरीय पदाधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।













