सरिया (गिरिडीह): मणिपुर और मेरठ में महिलाओं संग दरिंदगी की घटनाओं के बाद अब गिरिडीह से भी एक ऐसा ही वारदात सामने आया है। यहां सरिया थाना क्षेत्र के कोवडिया टोला में बुधवार की रात एक दलित महिला को निर्वस्त्र कर पेड़ से बांधकर पिटाई का मामला सामने आया है।पुलिस इस मामले में महिला के बयान के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वारदात से बुरी तरह से जख्मी महिला का इलाज सरिया के देवकी अस्पताल में किया जा रहा है।
इधर पत्रकारों से बातचीत करते हुए पीड़िता ने कहा कि बुधवार की रात अचानक कोवडिया टोला के कुछ पुरुष और महिला घर पर आए और जबरन कपड़े से मुंह बांधकर उसे घर से लगभग 500 मीटर दूर जंगल की ओर ले गए। वहां एक पेड़ से बांधकर उस पर लात-घूंसे बरसाने लगे। इसी दौरान उसे पूरा निर्वस्त्र कर दिया।मारपीट की घटना के बाद महिला बेहोश हो गई। मामले की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। इसके बाद सरिया पुलिस महिला को अपनी सुरक्षा में लेकर उसके शरीर पर कपड़े डाले और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं घटना के कारण के बारे में पीड़ित महिला कुछ स्पष्ट नहीं बता पाई, लेकिन उसने बताया कि कुछ दिन पूर्व आरोपी लोगों से कुछ बात को लेकर गाली-गलौज हुआ था।