रांची : राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से आज सरगुजा गाँधी स्टेडियम, अंबिकापुर (छत्तीसगढ़) में आयोजित ‘प्रथम खेलो इंडिया जनजातीय खेल–2026’ में भाग लेने वाले झारखण्ड के प्रतिभाशाली मलखम्ब खिलाड़ियों ने लोक भवन, राँची में शिष्टाचार भेंट की।
इस अवसर पर झारखण्ड राज्य मलखम्ब एसोसिएशन के महासचिव डॉ० अजय झा ने राज्यपाल महोदय को अवगत कराया कि झारखण्ड के खिलाड़ियों ने बालक एवं बालिका—दोनों वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल रैंकिंग में कांस्य पदक अर्जित किया है। राज्यपाल ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि हमारे राज्य में खेलों के प्रति गहरी अभिरुचि है तथा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा, परिश्रम एवं अनुशासन के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर झारखण्ड का गौरव बढ़ा रहे हैं, जो अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास, समर्पण एवं अनुशासन के साथ आगे बढ़ते रहने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उल्लेखनीय है कि इस आयोजन का आधिकारिक शुभंकर ‘मोरवीर’ था।













