रांची : झारखंड सरकार की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री श्रीमती शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि मांडर विधानसभा क्षेत्र का समन्वित, संतुलित एवं योजनाबद्ध विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र से उनका गहरा भावनात्मक जुड़ाव है और आम ग्रामीणों के जीवन स्तर में तेज़ी से सकारात्मक बदलाव लाने के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं।
आज मांडर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत लापुंग एवं बेड़ो प्रखंडों में आयोजित विभिन्न शिलान्यास कार्यक्रमों को संबोधित करते हुए मंत्री तिर्की ने कहा कि क्षेत्र के आधारभूत ढांचे के विकास के साथ-साथ ग्रामीणों की जागरूकता और सहभागिता भी उतनी ही आवश्यक है, ताकि विकास का लाभ हर घर तक पहुंच सके।
कार्यक्रम के दौरान लापुंग प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में तीन अतिरिक्त कक्षों के निर्माण का शिलान्यास किया गया। इसके अलावा ग्राम खटंगा में अखड़ा एवं चबूतरा निर्माण, ग्राम ककरिया में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, तथा ग्राम दरन्दा के प्राथमिक विद्यालय में दो अतिरिक्त कक्षों के निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया गया। वहीं बेड़ो प्रखंड के ग्राम कुदारखो में चबूतरा निर्माण कार्य का भी शुभारंभ किया गया।
तिर्की ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों के जीवन में निरंतर सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिलेगा।
इन कार्यक्रमों में कांग्रेस पार्टी लापुंग प्रखंड अध्यक्ष जयंत बारला सहित करमा उरांव, मोदशीर हक, बेरोनिका उरांव, सुदामा महली, संतोष तिर्की, विश्वनाथ मुंडा, देवेंद्र वर्मा, देववंती देवी, जनमेजय पाठक, फेरू साहू, देवेंद्र उरांव, असमुद्दीन मिया, आफ़ताब आलम, हेमंत मिंज समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।













