रांची :झारखंड उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा से जुड़े पेपर लीक मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजे गए 20 आरोपितों की जमानत याचिका पर अपर न्यायायुक्त योगेश कुमार की कोर्ट में सुनवाई हुई। मामले में अदालत ने केस डायरी मांगी है। अगली सुनवाई 20 अप्रैल को होगी।
गाैरतलब है कि पेपर लीक मामले के आरोपित सुनील कुमार, किशोर कुमार, सन्नी राम, रविंद्र कुमार, दलील कुमार, शशिकांत, अभिषेक कुमार सहित अन्य ने रांची सिविल कोर्ट में जमानत याचिका दाखिल की है। सभी विद्यार्थी हैं। उनकी ओर से कहा गया है कि साजिश के तहत उन्हें फंसाया गया है। दलील दी गई है कि उन पर आपराधिक मुकदमा न चलाया जाए, इससे उनका शैक्षणिक करियर समाप्त हो जाएगा।
उल्लेखनीय है कि गत शनिवार की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि रड़गांव में एक अर्धनिर्मित स्थान पर 159 अभ्यर्थियों का जमावड़ा लगा है। सूचना के आधार पर विशेष छापेमारी दल ने 11 अप्रैल की देर रात छापा मारा था। इनमें 152 पुरुष अभ्यर्थी, 7 महिला अभ्यर्थी, 5 गैंग सरगना एवं अन्य शामिल थे।












