हजारीबाग : उपायुक्त हेमन्त सती के निर्देशानुसार समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में डीएमएफटी मद से 22 दिव्यांग लाभुकों के बीच बैटरी चालित ट्राईसाइकिल का वितरण किया गया। इस पहल के तहत पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों एवं रोजगार से जुड़े दिव्यांगजनों को प्राथमिकता देते हुए लाभ प्रदान किया गया, ताकि उनके दैनिक आवागमन को सुगम बनाया जा सके।इस अवसर पर उपायुक्त हेमन्त सती ने कहा कि दिव्यांगजन समाज का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, उन्हें मुख्यधारा में लाने के लिए जिला प्रशासन लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि कई दिव्यांग विद्यार्थी एवं नौकरी पेशा से जुड़े दिव्यांग लोग आवागमन की समस्या के कारण कठिनाइयों का सामना करते हैं। बैटरी चालित ट्राईसाइकिल मिलने से अब उन्हें स्कूल, कॉलेज, कोचिंग, कार्यालय एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आने-जाने में काफी सहूलियत होगी।उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन की कोशिश है कि सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचे और कोई भी व्यक्ति संसाधनों के अभाव में पीछे न रह जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षा एवं रोजगार से जुड़े एवं अन्य दिव्यांगजनों को सहयोग देना समाज को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।कार्यक्रम के दौरान दिव्यांग लाभुकों ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सुविधा से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा तथा वे अपने कार्यों को अधिक आत्मविश्वास एवं स्वतंत्रता के साथ कर सकेंगे।इस अवसर पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी शिप्रा सिंहा सहित कई अन्य कर्मी उपस्थित रहे।













