हजारीबाग : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह, सांसद मनीष जायसवाल और सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने संयुक्त रूप से मीडिया को संबोधित किया। इस दौरान केंद्र सरकार की उपलब्धियों, आगामी कार्यक्रमों और हजारीबाग के विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों ने हाल के दिनों में सांसद मनीष जायसवाल और विधायक प्रदीप प्रसाद के बीच सामने आए मतभेदों और राजनीतिक बयानबाजी को लेकर सवाल पूछा। इस पर दोनों नेताओं ने एक स्वर में कहा कि भ्रम और गलतफहमी के कारण जो दूरियां बनी थीं, वे अब समाप्त हो चुकी हैं। दोनों नेताओं ने कहा कि वे मिलकर हजारीबाग के विकास की गाड़ी को आगे बढ़ाने का काम करेंगे और जनता के हित में एकजुट होकर कार्य करेंगे।सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि करोड़ों पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही जैविक खेती को प्रोत्साहित करने और किसानों को प्राकृतिक खेती की ओर प्रेरित करने का कार्य भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा किए गए जनकल्याणकारी कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को उत्सव के रूप में मनाने की भी घोषणा की गई।सांसद ने हजारीबाग के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि हवाई अड्डे के निर्माण के लिए जैसे ही राज्य सरकार भूमि उपलब्ध कराएगी, परियोजना पर काम शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि हजारीबाग में रेलवे लाइन के दोहरीकरण का कार्य प्रारंभ हो चुका है तथा कोचिंग डिपो का निर्माण भी अंतिम चरण में है। आने वाले समय में हजारीबाग में ट्रेनों का नियमित ठहराव शुरू होगा और लंबी दूरी की रेल सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।वहीं विधायक प्रदीप प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में कई ऐसी परियोजनाएं पूरी हुई हैं, जो वर्षों से लंबित थीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में लंबे समय तक अधूरे पड़े कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों को मोदी सरकार ने कम समय में पूरा करने का काम किया है। उन्होंने कोसी रेल महासेतु, गुवाहाटी रोपवे, दोबरा-चांटी पुल और अटल टनल जैसी परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं को वर्षों तक लंबित रखा गया था, लेकिन केंद्र सरकार ने इन्हें प्राथमिकता देकर पूरा कराया।प्रेस वार्ता में भाजपा नेताओं ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने और संगठनात्मक कार्यक्रमों को सफल बनाने का भी आह्वान किया। साथ ही यह संदेश देने की कोशिश की कि हजारीबाग के विकास और जनहित के मुद्दों पर भाजपा के सभी जनप्रतिनिधि एकजुट होकर कार्य करेंगे।













