रांची: झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री के. रवि कुमार ने कहा है कि राज्य में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण हेतु भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 20 जून से कार्यक्रम निर्धारित किए गए है। 20 जून से 29 जून तक सभी तैयारियों मुद्रण एवं प्रशिक्षण के लिए तिथी निर्धारित की गई है। पदाधिकारी अपने जिलों में इसे ससमय सुनिश्चित करने कार्य करें। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी शुक्रवार को सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ निर्वाचन सदन से ऑनलाइन माध्यम से बैठक कर रहे थे। के रवि कुमार ने बैठक के क्रम में पीपीटी के माध्यम से मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के सभी बिन्दुओं पर विस्तृत रूप से जानकारी सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों को दी। इसके साथ साथ वर्तमान में चल रहे मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण पूर्व तैयारियों का भी समीक्षा लिया। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा है कि 23 मई को सभी मतदान केंद्रों पर अन मैप्ड मतदाता सूची का प्रकाशन पदाधिकारी सुनिश्चित करें। जिसे अगले 2 सप्ताह तक प्रदर्शित करना है जिससे कोई भी अन मैप्ड मतदाता अपने बीएलओ से संपर्क कर विगत के गहन पुनरीक्षण वाले मतदाता सूची से अपनी मैपिंग करा लें। उन्होंने कहा कि एक भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से छुटे नहीं इस बात को ध्यान में रखकर कार्य करें। कार्यक्रम में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुबोध कुमार, ट्रेनिंग नोडल श्री देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री धीरज कुमार ठाकुर, अवर निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुनील कुमार सहित, ऑनलाइन माध्यम से सभी जिलों के जिला निर्वाचन पदाधिकारी उपस्थित रहे।













