सुबह और शाम हल्की सर्दी महसूस हो रही है, लेकिन कड़ाके की ठंड से अभी राहत बनी हुई है। मौसम केंद्र के ताज़ा पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले चार दिनों तक राज्य में शीतलहर जैसी स्थिति नहीं बनेगी। हालांकि इसके बाद तापमान में गिरावट दर्ज होने की संभावना है और रातें ज्यादा ठंडी महसूस होंगी। सोमवार रात से मंगलवार के बीच राज्य के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी देखी गई। राजधानी रांची में दिन का अधिकतम तापमान लगभग 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा, जबकि रात का पारा करीब 12 डिग्री सेल्सियस रहा। कई जिलों में रात के तापमान में करीब 2 डिग्री की बढ़त दर्ज की गई। पहाड़ी और वन क्षेत्रों में सुबह की ठंड अब भी तेज़ बनी हुई है, वहीं रांची के आसपास ऊंचाई वाले इलाकों में कोहरा भी छाया रहा।













