गोड्डा :महागामा, झारखंड श्री राम नवमी के पावन अवसर पर महागामा विधानसभा क्षेत्र के ठाकुर गंगटी प्रखंड अंतर्गत चपरी में आयोजित पारंपरिक कुश्ती प्रतियोगिता में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह ने भाग लेकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा सभी को राम नवमी की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर मंत्री ने खिलाड़ियों के जोश, अनुशासन और खेल भावना की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न केवल हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का कार्य करते हैं, बल्कि युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली और सकारात्मक दिशा की ओर प्रेरित भी करते हैं।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार की पारंपरिक खेल प्रतियोगिताएँ सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत करती हैं। साथ ही युवाओं के भीतर आत्मविश्वास, प्रतिस्पर्धा और अनुशासन की भावना का विकास करती हैं।
सिंह ने सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि सरकार ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।













