पाकुड़ : पाकुड़ में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। नगरनबी रेलवे क्रॉसिंग के पास तेज रफ्तार वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से पति, पत्नी और उनकी तीन साल की मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा नगरनबी पोल संख्या 47/40 और 47/38 के बीच का बताया जा रहा है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है।
बहन के घर से पैदल लौट रहे थे
मिली जानकारी के अनुसार, काली तल्ला निवासी चंदन सरदार अपनी पत्नी रिंपा सरदार और तीन वर्षीय बेटी अर्पिता सरदार के साथ विक्रमपुर स्थित अपनी बहन के घर गए थे। रात में तीनों पैदल ही घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि रेलवे ट्रैक पार करते समय अचानक तेज रफ्तार ट्रेन आ गई और तीनों उसकी चपेट में आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रेन की रफ्तार इतनी तेज थी कि संभलने का कोई मौका ही नहीं मिला।
न्यू जलपाईगुड़ी से हावड़ा जा रही थी ट्रेन
हादसे के वक्त ट्रेन संख्या 22302 न्यू जलपाईगुड़ी से हावड़ा जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस थी। ट्रेन गुजरते ही आसपास अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और रेलवे तथा पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई।
आरपीएफ ने शुरू की जांच
आरपीएफ के एसआई संतोष कुमार ने पुष्टि की कि वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक पुरुष, एक महिला और एक बच्ची की मौत हुई है। तीनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मामले की जांच की जा रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस दर्दनाक घटना के बाद स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश और दुख है। लोगों का कहना है कि रेलवे क्रॉसिंग के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और जागरूकता बढ़ाई जानी चाहिए। स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि वहां पर अतिरिक्त सुरक्षा उपाय, चेतावनी संकेत और निगरानी की बेहतर व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों। एक खुशहाल परिवार का इस तरह खत्म हो जाना पूरे इलाके को झकझोर गया है।













