रांची :रांची रेल मंडल में कमांडेंट पवन कुमार के निर्देशन में रेलवे सुरक्षा बल द्वारा रेलवे संपत्ति की सुरक्षा हेतु लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में को प्राप्त विश्वसनीय सूचना के आधार पर RPF पोस्ट हटिया के अधिकारियों एवं स्टाफ द्वारा निरीक्षक हटिया के निरीक्षण मे एक सफल कार्रवाई करते हुए रेलवे डीजल चोरी के मामले का खुलासा किया गया। रात्री SI सूरज राजबंशी, SI दीपक कुमार, ASI कुलदीप तिर्की , स्टाफ अजित पांडे, एम के अस्तित्व, बसंत सोये, तथा नमन सुरींन द्वारा हटिया रेलवे यार्ड के वाशिंग लाइन संख्या-05 के पास घात लगाकर निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान लगभग 21:50 बजे एक चार पहिया वाहन संदिग्ध अवस्था में खड़ा पाया गया, जिसमें एक व्यक्ति द्वारा भारी सामग्री लोड की जा रही थी। संदेह के आधार पर टीम द्वारा उसे घेरकर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम अजय कुमार साहू (उम्र 29 वर्ष), पिता – धुमसी साहू, निवासी – हेतू, थाना – एयरपोर्ट, जिला – रांची (झारखंड) बताया। तलाशी लेने पर उसके वाहन से दो प्लास्टिक जेरिकैन बरामद हुए, जिनमें क्रमशः लगभग 35 लीटर एवं 20 लीटर डीजल (कुल लगभग 55 लीटर) भरा हुआ था। पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उक्त डीजल रेलवे यार्ड के वाशिंग लाइन संख्या-05 स्थित हाई स्पीड डीजल फ्यूल वाल्व से एक रेलवे कर्मचारी एवं एक अन्य अज्ञात व्यक्ति की मिलीभगत से अवैध रूप से निकाला गया था। RPF टीम द्वारा मौके पर ही डीजल एवं प्रयुक्त वाहन (Hyundai i10) को विधिवत जब्त किया गया। अभियुक्त को रेलवे संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम [RP(UP) Act] की धारा 3(a) एवं 6 तथा रेलवे अधिनियम की धारा 147 के तहत गिरफ्तार किया गया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूर्ण करते हुए RPF पोस्ट हटिया में मामला दर्ज किया गया है। इस प्रकरण में संलिप्त अन्य आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी हेतु जांच जारी है।













