रांची : रांची के पुंदाग थाना क्षेत्र में बीती रात अपराधियों ने बेखौफ अंदाज में लूट की वारदात को अंजाम दिया। साहू चौक के पास स्थित दीना पेट्रोल पंप को निशाना बनाते हुए बदमाश करीब 60 से 70 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
दो स्कूटी पर पहुंचे छह नकाबपोश बदमाश
जानकारी के मुताबिक, रात करीब 7:50 बजे दो स्कूटी पर सवार छह नकाबपोश अपराधी पेट्रोल पंप पहुंचे। सभी ने मास्क पहन रखा था, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। उस समय पंप के कर्मचारी रोजाना का कलेक्शन संभाल रहे थे। तभी बदमाशों ने आते ही उन्हें घेर लिया।
पिस्टल और चाकू दिखाकर की लूट
अपराधियों ने पिस्टल और चाकू दिखाकर कर्मचारियों को डराया-धमकाया। विरोध करने पर मारपीट की भी कोशिश की गई। डर के माहौल में कर्मचारियों से कलेक्शन में रखे करीब 60 से 70 हजार रुपये लूट लिए गए। वारदात इतनी तेजी से हुई कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
एक साल पहले ही खुला था पेट्रोल पंप
जिस पेट्रोल पंप को निशाना बनाया गया, वह ज्यादा पुराना नहीं है। करीब एक साल पहले ही इसे शुरू किया गया था। ऐसे में इस तरह की घटना से आसपास के लोगों में भी डर बैठ गया है।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
घटना की सूचना मिलते ही पुंदाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। फुटेज में साफ दिख रहा है कि दो स्कूटी पर सवार छह युवक आए और लूट को अंजाम देकर तेजी से फरार हो गए।
छापेमारी जारी, जल्द गिरफ्तारी का दावा
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी चल रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही सभी अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा।














