रांची
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामकुम थाना क्षेत्र में चल रही एक गौ-तस्करी को नाकाम कर दिया है। पुलिस ने मौके से 10 गोवंशीय पशुओं को बरामद किया है और एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया गया है।
राँची के पुलिस उप-महानिरीक्षक सह वरीय पुलिस अधीक्षक को एक गुप्त सूचना मिली कि टाटा-राँची रोड के तैमारा घाटी के रास्ते एक पिकअप वाहन से गोवंशीय पशुओं की अवैध तस्करी की जा रही है सूचना मिलते ही वरीय पुलिस उपाधीक्षक, नगर, प्रथम के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने लदना पीढ़ी चौक के पास सफेद रंग के पिकअप वाहन संख्या JH01FX2123 को रोका। जांच के दौरान वाहन से 10 गोवंशीय पशु क्रूरता पूर्वक लदे हुए पाए गए। पुलिस ने तत्काल वाहन को ज़ब्त कर लिया और चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्त का नाम बिमल दास है, जो अड़की थाना क्षेत्र के उपर टोली का रहने वाला है।
पुलिस ने त्वरित और सटीक कार्रवाई कर एक बड़ी गौ-तस्करी की साजिश को विफल कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की जा रही है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और आगे की छानबीन की जा रही है।












