रामगढ़ : रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग मारंगमरचा स्थित बाबा भंडारी लाइन होटल के पास नवविवाहित दंपत्ति की सड़क हादसे में मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार नवविवाहित दंपत्ति को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान बोकारो जिले के चांदो गांव निवासी गौतम नायक (29) और उनकी पत्नी काजल देवी (25) के रूप में हुई है।
पति-पत्नी रामगढ़ से अपनी बाइक से अपने पैतृक गांव चांदो, जिला बोकारो जा रहे थे, इसी दौरान मारंगमरचा के पास पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रेलर ने दोनों को कुचल दिया। जिससे दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त बाइक को भी जब्त कर थाना ले जाया गया है।












