मुज़फ्फरपुर :बिहार मुज़फ्फरपुर जिले के गायघाट थाना अंतर्गत चोरानियाँ गांव में पुलिस की गोली से हुई जगतवीर राय की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने आज शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और आर्थिक सहायता भी प्रदान की। उन्होंने इस घटना को बेहद दुखद और चिंताजनक बताते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को हर हाल में न्याय दिलाया जाएगा।
सांसद ने स्पष्ट रूप से कहा कि इस मामले को वे सोमवार को लोकसभा में उठाएंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो वे हाई कोर्ट में PIL दाखिल करेंगे और जरूरत पड़ी तो सुप्रीम कोर्ट तक जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई किसी एक परिवार की नहीं, बल्कि न्याय और व्यवस्था की लड़ाई है, जिसे हर हाल में लड़ा जाएगा।
पप्पू यादव ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि घटना को गलत तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि न तो कोई मुठभेड़ हुई, न कोई बड़ा विवाद, फिर भी गोली चलने की घटना हुई। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि यदि कोई झड़प हुई थी तो उसका वीडियो सार्वजनिक किया जाए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ अधिकारी अपने प्रभाव के बल पर सच्चाई को दबाने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने लोगों से संयम बरतने की अपील करते हुए कहा कि न्याय के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में पुलिस से टकराव नहीं होना चाहिए, बल्कि शांतिपूर्ण धरना, सभा और जनआंदोलन के माध्यम से अपनी आवाज उठानी होगी। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि अगर न्याय नहीं मिला तो बड़े स्तर पर आंदोलन, यहां तक कि बिहार बंद और मुज़फ्फरपुर से पटना तक न्याय यात्रा भी निकाली जाएगी।
अपने संबोधन में पप्पू यादव ने कहा कि कानून सर्वोच्च है और वर्दी का सम्मान भी जरूरी है, लेकिन यदि कानून लागू करने वाले ही अन्याय करें तो उसके खिलाफ आवाज उठाना जरूरी हो जाता है। उन्होंने एसपी और डीआईजी से निष्पक्ष जांच की अपील करते हुए कहा कि दोषी पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। इस दौरान उन्होंने सभी सामाजिक और राजनीतिक वर्गों के लोगों की एकजुटता की सराहना की और कहा कि बिना जात-पात के न्याय की इस लड़ाई को आगे बढ़ाया जाएगा।
झारखंड में कांग्रेस का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर !
रांची :झारखंड में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में कांग्रेस ने बड़ी पहल की है। राहुल...












