राँची : जिले के सिल्ली थाना क्षेत्र के कुलसूद नावाडीह के सामने एक बॉक्साइट लदा एक ट्रक अचानक आग की चपेट में आ गया।
चालक और खलासी ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते ट्रक से कूदकर अपनी जान बचा ली। देखते ही देखते ट्रक धू-धू कर जलने लगा और कुछ ही पलों में आग का गोला बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, बॉक्साइट से लदा ट्रक लोहरदगा से हिंडालको की ओर जा रहा था। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया। आसमान तक उठती लपटों और धुएं के गुबार को देखकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग को तुरंत बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रक का बड़ा हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त हो चुका था।
प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।












