रांची (Ranchi): कारगिल युद्ध सन 1999 में भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान के नापाक इरादों को नेस्तनाबूत करने के लिए लड़ा गया युद्ध था। नेशनल हाइवे वन से सटा हुआ कारगिल का वह इलाका, जहां दुर्गम चोटियों का अंबार है, दुश्मन पहले से धोखा देकर हमारी देश की चोटियों पर कब्जा कर लिए थे। भारतीय सेना को जानकारी मिलते ही अदम्य साहस वीरता और पराक्रम का परिचय देते हुए दुश्मन की सेना पर टूट पड़े। इस महत्वपूर्ण युद्ध में भारतीय सेना के 527 वीर सैनिक वीरगति को प्राप्त हुए व लगभग 1300 सैनिक घायल होने के पश्चात आज ही के दिन भारतीय सेना ने टाइगर हिल पर विजय पताका फहराया था। उस दिन से 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस के रूप में पूरे देश में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है।
उन वीर अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि देने के लिए आज राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन ने ‘कारगिल विजय दिवस’ के अवसर पर दीपाटोली, राँची स्थित ‘झारखंड युद्ध स्मारक’ जाकर वहाँ पुष्पचक्र अर्पित किया एवं वीर शहीदों को नमन करते हुए श्रद्धांजलि दी। उक्त अवसर पर जी०ओ०सी०, 23 इन्फैंट्री डिवीजन मेजर जनरल विकास कुमार चौधरी समेत अन्य सैन्य अधिकारीगण व कर्मीगण उपस्थित थे। राज्यपाल महोदय ने सेना के सभी अधिकारियों व जवानों से मिलकर संवाद किया तथा इस डिवीजन के शौर्य व पराक्रम से अवगत होकर अभिभूत हुए। उन्होंने सभी को ‘कारगिल विजय दिवस’ की शुभकामनाएँ दी।