रामगढ़ : जिले के गोला वन क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह जंगली हाथियों के हमले में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक वृद्ध महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, पहली घटना बंदा क्षेत्र स्थित एक ईंट भट्ठे की है। यहां तालाटांड (पतरातू) निवासी धीरज भुइयां (25 वर्ष) और कुजू निवासी युगल भुइयां (25 वर्ष) मजदूरी का काम करते थे।
शुक्रवार सुबह अचानक हाथियों के झुंड ने भट्ठे पर हमला बोल दिया। इससे पहले कि दोनों युवकों को संभलने का मौका मिलता, हाथियों ने उन्हें कुचलकर मार डाला।
हाथियों का कहर यहीं नहीं रुका बंदा के पास ही श्याम देव साहू (70 वर्ष) सुबह महुआ चुनने निकले थे, तभी वे हाथियों की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
एक अन्य घटना धोरधोरिया सुतरी गांव की है, जहां अदरी देवी (74 वर्ष) महुआ चुन रही थीं, हाथी ने उन पर हमला कर उन्हें पटक दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं।













