रांची :रांची विमेंस कॉलेज, रांची में सरहुल पर्व की पूर्व संध्या पर आज एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की सांस्कृतिक समिति एवं ट्राइबल रीजनल लैंग्वेज विभाग के संयुक्त तत्वावधान में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर रांची शहर की नवनियुक्त मेयर , रोशनी खलखो मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. विनीता सिंह ने की। अपने अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. विनीता सिंह ने सरहुल पर्व की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि सरहुल केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के साथ मानव के गहरे संबंध, सामुदायिक जीवन और सांस्कृतिक अस्मिता का उत्सव है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन छात्राओं को अपनी परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ उनमें सांस्कृतिक चेतना का विकास करते हैं। उन्होंने छात्राओं के उत्साह, अनुशासन एवं प्रस्तुति की सराहना करते हुए आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों को बधाई दी।
इस अवसर पर महाविद्यालय की छात्राओं ने पारंपरिक लोक-नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं, जिनमें आदिवासी संस्कृति की जीवंत झलक दिखाई दी। नृत्य की विविध शैलियों ने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। साथ ही छात्राओं द्वारा लगाए गए पारंपरिक व्यंजनों के फूड स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे, जहाँ विभिन्न जनजातीय व्यंजनों का स्वाद उपस्थित लोगों ने बड़े उत्साह के साथ लिया।
मुख्य अतिथि रोशनी खलखो ने अपने संबोधन में नागपुरी भाषा में छात्राओं एवं उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि अपनी मातृभाषा और संस्कृति को सहेजना अत्यंत आवश्यक है, और इस प्रकार के आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। उनके नागपुरी भाषण ने कार्यक्रम में विशेष आत्मीयता और सांस्कृतिक गरिमा का संचार किया।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस सफल आयोजन में महाविद्यालय के शिक्षकगण, छात्राएँ एवं गणमान्य अतिथि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
भाजपा के आरोप बेबुनियाद, पहले अपने 15 वर्षों के शासन का हिसाब दे – सतीश पौल मुंजनी !
रांची :झारखंड सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव के बयानों पर पलटवार करते...












