सरायकेला : खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड के सापारुम गांव में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक जंगली हाथी अचानक गांव में घुस आया। लोग कुछ समझ पाते उससे पहले ही हाथी ने हमला कर दिया। इस दौरान गांव केओ रहने वाले राधा तंतुबाई (55) उसकी चपेट में आ गए।
मौके पर ही गई जान
बताया जा रहा है कि हाथी ने राधा तंतुबाई को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास के लोग कुछ कर भी नहीं पाए। हादसे के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर में चीख-पुकार मच गई। गांव के लोग भी सदमे में हैं। हर कोई इस दर्दनाक घटना से सहमा हुआ है।
गांव में दहशत, लोग घरों में कैद
घटना के बाद सापारुम गांव और आसपास के इलाकों में डर का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में जंगली हाथियों का आना लगातार बढ़ता जा रहा है। लोग खेत जाने से भी डर रहे हैं और खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
वन विभाग पर उठे सवाल
ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हाथियों के बढ़ते खतरे को लेकर पहले से कोई ठोस इंतजाम नहीं किया गया। खबर लिखे जाने तक वन विभाग की टीम भी मौके पर नहीं पहुंची थी, जिससे लोगों में नाराजगी है।
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि हाथियों के आतंक को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। साथ ही निगरानी बढ़ाने और समय पर चेतावनी देने की व्यवस्था की जाए, ताकि आगे ऐसी घटनाएं न हों।












