राँची: स्थित सभागार में पुलिस महानिदेशक, झारखण्ड की उपस्थिति में भारतीय स्टेट बैंक के पदाधिकारियों द्वारा पुलिस सैलरी पैकेज के तहत हुये एम०ओ०यू० के आलोक नक्सल हिंसा में शहीदों के आश्रितों को “Accidental Coverage” के तहत भुगतान किया गया।
नक्सल उन्मुलन अभियान के क्रम में चाईबासा जिला के टोन्टो थाना क्षेत्रान्तर्गत तुम्बाहाका में नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में झारखण्ड जगुआर के पु०अ०नि० अमित कुमार तिवारी एवं आरक्षी गौतम कुमार ने कर्त्तव्य के दौरान अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था।झारखण्ड पुलिस एवं भारतीय स्टेट बैंक द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस सैलरी पैकेज के तहत घटना में शहीद पु०अ०नि० अमित कुमार तिवारी के परिजन आश्रित को “Accidental Coverage” के तहत 25 लाख रूपये एवं आरक्षी गौतम कुमार के परिजन आश्रित को 15 लाख रूपये की राशि स्वीकृत की गयी। पुलिस महानिदेशक, झारखण्ड के पहल पर झारखण्ड पुलिस एवं भारतीय स्टेट बैंक के बीच पुलिस सैलरी पैकेज के लिए एम०ओ०यू० हुआ था जिसके तहत पुलिस सैलेरी पैकेज से पुलिस कर्मियों को निम्न सुविधाएं उपलब्ध करायी जायेगी यथा-व्यक्तिगत दुर्घटना मृत्यु बीमा-50 लाख, स्थायी पूर्ण विकलांगता पर 50 लाख, स्थायी आंशिक विकलांगता पर-30 लाख, वायुयान दुर्घटना पर-01 करोड़ रूपया, व्यक्तिगत दुर्घटना में मृत्यु होने पर आश्रित बच्चों के उच्चतर शिक्षा के लिये बीमा राशि-10 लाख तथा अविवाहित बच्चियों के विवाह हेतु भी बीमा राशि अधिकतम 10 लाख दिये जाने का प्रावधान है। नक्सल हिंसा उग्रवादियों एवं अपराधकर्मियों द्वारा घात लगाकर किये गये हमलों में शहीदों के आश्रित को अतिरिक्त 10 लाख रूपये का प्रावधान किया गया है।इस एम०ओ०यू० के तहत भारतीय स्टेट बैंक की ओर से सभी पुलिस कर्मियों को रूपे प्लेटिनम कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा, इसके तहत दुर्घटना आदि में मौत हाने पर 10 लाख रूपया का अतिरिक्त बीमा कवर उपलब्ध होगा। यह सभी बीमा सुविधाएं भारतीय स्टेट बैंक के द्वारा पुलिस सैलेरी पैकेज के तहत खाता धारक को निशुल्क उपलब्ध करायी जायेगी। साथ ही पुलिस कर्मियों के परिवार के चार सदस्यों को निःशुल्क खाता, चेक बुक, ए०टी०एम० कार्ड एवं वयस्क सदस्यों का पाँच-पाँच लाख रूपये का बीमा का प्रावधान किया गया है।













