पिपरवार :- बरवाडीह-बरकाकाना रेलखंड पर राय रेलवे स्टेशन के पश्चिमी केबिन के समीप लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे नवनिर्मित रेलवे अंडरपास पुल की गुणवत्ता पर उस समय गंभीर सवाल खड़े हो गए जब बुधवार शाम करीब 5:45 बजे तेज बारिश के दौरान पुल का पीसीसी गार्डवाल भरभरा कर गिर गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गार्डवाल के गिरने की आवाज बम धमाके जैसी तेज थी, जिससे आसपास के लोग भयभीत होकर बाहर निकल आए। हालांकि बारिश के कारण उस समय निर्माण कार्य बंद था, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
आरबीएनएल द्वारा कराया जा रहा था निर्माण कार्य
रेलवे की ओर से इस अंडरपास पुल का निर्माण आरबीएनएल (रेल विकास निगम लिमिटेड) के माध्यम से कराया जा रहा था। पुल के दोनों किनारों का निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो चुका था और उद्घाटन की तैयारियां चल रही थीं।
पहली ही बारिश ने खोल दी पोल
निर्माणाधीन पुल का गार्डवाल पहली ही बारिश में गिर जाने से निर्माण कार्य में भारी लापरवाही और अनियमितता की पोल खुल गई है। स्थानीय लोग व जनप्रतिनिधि इस हादसे को लेकर निर्माण एजेंसी की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं।
रेलवे अधिकारियों के पहुंचने की संभावना, संवेदकों पर गिर सकती है गाज
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के वरीय अधिकारियों के मौके पर पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में निर्माण कार्य से जुड़े संवेदकों और संबंधित ठेकेदारों पर जांच के बाद कड़ी कार्रवाई की संभावना बन रही है।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
गार्डवाल गिरने की घटना से स्थानीय लोगों में गहरी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि अगर यह हादसा दिन में या यातायात चालू रहने के समय हुआ होता, तो बड़ी जनहानि हो सकती थी।
रेलवे अंडरपास जैसे महत्त्वपूर्ण संरचना में घटिया निर्माण सामग्री और अनदेखी भविष्य में गंभीर संकट ला सकती है। यह हादसा सिर्फ एक चेतावनी नहीं, बल्कि जवाबदेही तय करने का समय है।














