रांची : झारखंड के हजारीबाग के विष्णुगढ़ में 12 साल की नाबालिग बच्ची के साथ हुई दरिंदगी के बाद कांग्रेस पूर्व विधायक अंबा प्रसाद ने आज लोक भवन में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात की। उन्होंने पीड़ित बच्ची को जल्द न्याय दिलाने की मांग की।अंबा प्रसाद ने कहा कि हजारीबाग की एक और बच्ची, जिसे उन्होंने “सीता” नाम दिया, उसके साथ भी रामनवमी जुलूस के दौरान दुष्कर्म हुआ था, लेकिन अब तक उसे न्याय नहीं मिल पाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस जांच में कोई ठोस प्रगति सामने नहीं आई है।उन्होंने राज्यपाल से मामले की CBI जांच कराने की मांग की। साथ ही संबंधित अधिकारियों को सस्पेंड करने, पीड़ित परिवार को मुआवजा और पुनर्वास देने की भी अपील की।इसके अलावा उन्होंने राज्य में महिला आयोग के गठन की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार गंभीर नहीं दिख रही है। उन्होंने कहा कि राज्यभर से महिलाओं के उत्पीड़न के मामले सामने आ रहे हैं, लेकिन उनकी सुनवाई के लिए कोई सशक्त व्यवस्था नहीं है।अंत में उन्होंने कहा कि “सीता” नाम इसलिए दिया गया है, ताकि समाज इस घटना की गंभीरता को समझे और पीड़िता को जल्द न्याय मिल सके।











