जमशेदपुर/धनबाद : झारखंड राज्य में डॉक्टरों की कमी दूर करने की पहल, दो मेडिकल कॉलेजों के विस्तार की योजना
झारखंड सरकार ने राज्य में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। राज्य सरकार ने एमजीएम मेडिकल कॉलेज जमशेदपुर और शहीद निर्मल महतो मेमोरियल मेडिकल कॉलेज, धनबाद में एमबीबीएस एवं पीजी सीटों में वृद्धि के लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन केंद्र सरकार को भेज दिया है। यह प्रस्ताव केंद्र प्रायोजित योजना के तहत भेजा गया है और स्वीकृति मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू होगी।
इंफ्रास्ट्रक्चर का होगा विस्तार
सीट वृद्धि को ध्यान में रखते हुए दोनों मेडिकल कॉलेजों में बड़े पैमाने पर भवन, अस्पताल और अन्य सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। एमजीएम मेडिकल कॉलेज में राज्य योजना से दो 500 बेड के अस्पताल स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें एक चालू है और दूसरा निर्माणाधीन है। वहीं धनबाद मेडिकल कॉलेज में लगभग 900 करोड़ रुपये की इंफ्रास्ट्रक्चर विकास योजना प्रस्तावित है।













