रांची: पवित्र पर्व ईद के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे, अजय नाथ शाहदेव,विनय सिंहा दीपु ,मेंहुल दूबे ने डोरंडा स्थित ईदगाह पहुंचकर राज्यवासियों को ईद की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
डोरंडा ईदगाह में ईद की नमाज अल्हाज सैय्यद शाह मौलाना अलकमा शिबली कादरी साहब की अगुवाई में अदा की गई। नमाज के उपरांत ईदगाह परिसर में मुबारकबाद देने वालों का तांता लगा रहा। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने नमाजियों से गले मिलकर एवं हाथ मिलाकर ईद की बधाई दी।
इस अवसर पर सेंट्रल मोहर्रम कमेटी के महासचिव अकिल उर रहमान, शिक्षाविद मो. शमशाद, मो. साबिर हुसैन बापी, दरगाह ट्रस्ट कमेटी के नायाब सदर अयूब गद्दी, सेंट्रल मोहर्रम कमेटी के सचिव मुमताज गद्दी तथा समाजसेवी मो. आजम अहमद सहित कई गणमान्य लोगों से आत्मीय मुलाकात हुई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ईद का त्योहार आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द का प्रतीक है, जो समाज में एकता और सद्भाव को मजबूत करता है। उन्होंने आगे कहा कि हमारा देश धार्मिक मान्यताओं का देश है, जहां हम एक-दूसरे की आस्था का सम्मान करते हुए हिंदुस्तान की संस्कृति और परंपराओं को अक्षुण्ण बनाए रखते हैं।
नेताओं ने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना करते हुए सभी से मिल-जुलकर त्योहार मनाने का संदेश दिया।














