बोकारो : आपकी सरकार दिल्ली, रांची या फिर एयर कंडीशनर में बैठकर नहीं, बल्कि गांव-गांव पहुंच कर लोगों के लिए काम कर रही है। किसी ने नहीं सोचा था कि सरकार राज्य के लोगों के द्वार तक जाएगी, लेकिन आज गांव-गांव पदाधिकारी योजनाएं लेकर लोगों के द्वार तक पहुंच रहे हैं। मेरा प्रयास है, इस राज्य के हर द्वार तक योजना पहुंचे।

इसके लिए सरकार विगत तीन वर्ष से शिविर का आयोजन कर जरूरतमंदों को योजनाओं का लाभ दे रही है। राज्य में जब से हमारी सरकार वजूद में आई है हम यहां के आदिवासी-मूलवासी के हक-अधिकार को संरक्षित करने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं। हमारी सरकार ने आदिवासी-मूलवासी के हक-अधिकार के लिए विधानसभा से 1932 आधारित नियोजन नीति पारित कराया। लेकिन जानबूझकर इसमें कानूनी अड़चन लगा दिया गया, परंतु 1932 आधारित नियोजन नीति के लिए हमारा प्रयास जारी रहेगा। ये बातें मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कही। मुख्यमंत्री आज बोकारो के चास स्थित सोनाबाद में आयोजित ‘आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार’ कार्यक्रम में बोल रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा राज्य की समृद्धि के लिए सरकार तिनका-तिनका जोड़ रही है। राज्य गठन के बाद ही सभी जरूरतमंद को पेंशन योजना से जोड़ दिया जाना था। लेकिन 2019 से पूर्व तक बुजुर्ग, निराश्रित, दिव्यांग पेंशन के लिए तरसते रहे। वर्ष 2019 तक राज्य में मात्र 15 लाख लोगों को ही पेंशन का लाभ दिया जा रहा था। आपकी सरकार ने मात्र चार वर्ष में 37 लाख लोगों को पेंशन देने का कार्य किया। आज बुजुर्ग, निराश्रित, दिव्यांग को पेंशन से जोड़ा गया। वर्ष 2019 के पूर्व किसानों के आंसू पोछने का काम किसी ने नही किया बल्कि उन्हें रुलाने का कार्य किया गया। राज्य गठन के बाद पिछले 20 वर्ष में 08 लाख किसानों को केसीसी से जोड़ा गया। वहीं हमारी सरकार ने 04 वर्ष में 20 लाख किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) से आच्छादित किया। सावित्रीबाई फूले किशोरी समृद्धि योजना का उद्देश्य राज्य की बेटियों को शिक्षा से जोड़े रखना है। इसके लिए राज्य की करीब आठ लाख बेटियों को योजना से जोड़ दिया गया है। इनकी उच्च शिक्षा के लिए भी सरकार सहयोग कर रही रही। गुरूजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना लागू करने का निर्णय लिया गया है। इससे राज्य के छात्र- छात्राओं को Engineering, Medical, Law, Research आदि में शिक्षा प्राप्त करने में सुविधा हो सकेगी। 15 लाख रुपए तक का ऋण मिल सकेगा। राज्य सरकार इसके लिए गारंटर बनेगी। समय के साथ शिक्षा पद्धति के अनुसार सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की उपलब्धता सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है, जिसका सर्वाधिक प्रभाव किसानों पर पड़ता है। किसानों को खेती-बाड़ी के अतिरिक्त आर्थिक लाभ हेतु बिरसा हरित ग्राम योजना, मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना, दीदी बाड़ी योजना का संचालन किया जा रहा है, जिसका लाभ किसान अवश्य लें। साथ ही, पशुधन विकास योजना के तहत गाय के अतिरिक्त भैंस भी सरकार दे रही है। पूर्व में किसानों को बीमारू पशु दिया जाता था। अब हमारी सरकार यहां के किसानों बीमाकृत पशु दे रही है ताकि किसी तरह की अनहोनी होने पर बीमा राशि का भुगतान कर पशुपालकों को सहारा दिया जा सके।












