नई दिल्ली पर्यावरण संरक्षण के प्रति झारखंड की प्रतिबद्धता को एक बार फिर राष्ट्रीय सम्मान मिला है राष्ट्रीय इको-क्रिएटिविटी और इनोवेशन हैकाथॉन में झारखंड देश के शीर्ष पांच राज्यों में शामिल हुआ है। इसका आयोजन अमेज़न फ्यूचर इंजीनियर और पी जैम फाउंडेशन के सहयोग से पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय (MoEFCC), भारत सरकार द्वारा किया गया था। इस इको-क्रिएटिविटी और इनोवेशन हैकाथॉन में देशभर से 4 लाख से अधिक छात्र प्रतिभागियों ने भाग लिया और 1.9 लाख से अधिक अभिनव विचार प्रस्तुत किए, जिनमें पर्यावरणीय स्थिरता, संरक्षण और जलवायु कार्रवाई के समाधान पर प्रकाश डाला गया। झारखंड के तीन जिलों यथा धनबाद, रामगढ़ और रांची ने इस हैकाथॉन में राज्यस्तर पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। झारखंड की ओर से इस राष्ट्रीय प्रदर्शनी में एसडीओ श्री अभिषेक झा, वरिष्ठ सलाहकार श्री गौरव वर्मा (यूनिसेफ), +2 आदिवासी उच्च विद्यालय (पटमदा, पूर्वी सिंघभूम) के छात्र अक्षय कुमार, कस्तूरबा गाँधी बालिका आवासीय विद्यालय (राजधनवार, गिरिडीह) की छात्रा कोमल कुमारी शामिल हुई। इको-क्रिएटिविटी और इनोवेशन हैकाथॉन एक राष्ट्रीय कार्यक्रम है जो छात्रों और युवाओं को पर्यावरणीय समस्याओं के समाधान के लिए रचनात्मक और नवीन (क्रिएटिव और इनोवेटिव) विचार प्रस्तुत करने का मंच प्रदान करता है। इसका देशभर में आयोजन दिनांक 5 जून से 26 सितंबर 2024 तक हुआ था। यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन जैसे गंभीर मुद्दों के प्रति युवाओं को आगे आने के लिए प्रेरित करता है। इससे छात्रों को रचनात्मक सोच और तकनीकी कौशल का उपयोग करके समस्या का समाधान ढूँढने का अवसर मिलता है।













